स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले बीते साल आगरा नगर निगम ने कई जगह फव्वारे लगवाए थे। इन पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन चर्च रोड और खंदारी शेल्टर होम के पास बनवाए गए फव्वारे महज 15 दिन बाद ही बंद हो गए। एक साल से ये बंद पड़े हैं। क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने नगर आयुक्त से फव्वारों को चालू कराने की मांग की है।
वार्ड-95 बाग फरजाना के पार्षद शरद चौहान ने नगर आयुक्त संतोष कुमार से मुलाकात कर पत्र सौंपा, जिसमें कहा कि चर्च रोड, रामनगर पर साड़ी शोरूम के पास और खंदारी शेल्टर होम के नजदीक फव्वारों का निर्माण बीते साल कराया गया। ये फव्वारे बड़े जोर-शोर से उद्घाटन के बाद शुरू कराए गए, लेकिन 15 दिन ही इनका संचालन हो सका। खराब होने पर उन्होंने निगम अधिकारियों से ठीक कराने की मांग की थी, लेकिन एक साल से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भीषण गर्मी में शीतल फुहारें देने के साथ ये फव्वारे सौंदर्यीकरण के लिए भी जरूरी हैं। बंद होने के बाद यहां अंधेरा है और गंदगी के साथ गंदा पानी भरा हुआ है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू होने से पहले फव्वाराें को चलाने की मांग की है।
शहर में सभी फव्वारे पड़े बंद
केवल बाग फरजाना नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान बनवाए गए सभी फव्वारे बंद पड़े हैं। धौलपुर हाउस के सामने एसबीआई तिराहा, दीवानी चौराहा, फतेहाबाद रोड, कमला नगर कावेरी कुंज चौराहा और भगवान टॉकीज पर पूर्व में लगवाए गए फव्वारे बंद हैं। इन पर 70 लाख रुपये से ज्यादा खर्च हुए थे।