आगरा के रहने वाले बॉक्सर बृजेश मीणा को एशिया रैंकिंग में सातवां स्थान मिला है। लाइट हैवी वेट कैटेगरी में भारत में पहली और विश्व में 73वीं रैंकिंग हासिल हुई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज बृजेश मीणा ने प्रोफेशनल मुक्केबाजों की ताजा रैंकिंग में एशिया में सातवां स्थान प्राप्त किया है। आगरा में ग्वालियर रोड स्थित केसीआर टाउन में रहने वाले बृजेश रेलवे में कार्यरत हैं। उनकी तैनाती आगरा फोर्ट स्टेशन पर है।
विज्ञापन
मुक्केबाजी की वेबसाइट बॉक्सरेक के अनुसार लाइट हैवी वेट कैटेगरी में बृजेश मीणा एशिया में सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस कैटेगरी में वह भारत में पहले स्थान पर हैं। विश्व में उनकी रैंकिंग 73वीं है। उन्होंने करीब 15 महीने से कोई फाइट नहीं की थी। इससे रैंकिंग में फिसल गए थे।
बृजेश ने आगरा कैंट के दयानंद बाल मंदिर में पढ़ाई की है। हैदराबाद में 7 मार्च को हुई फाइट में उन्होंने इंडोनेशिया के अलेक्जेंडर को आठ राउंड की फाइट में तीसरे ही चक्र में नॉकआउट कर दिया। इसके बाद वह रैंकिंग में ऊपर आ गए। यह तीन बार लगातार एशिया चैंपियन रह चुके हैं।