नए साल के दूसरे दिन ही आगरा सूबे में दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। बांदा के बाद आगरा में पारा सबसे कम दर्ज किया गया। सुबह का सूरज देखने के लिए लोगों को दोपहर दो बजे तक का इंतजार करना पड़ा। सुबह बेहद घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही। शीतलहर के सितम के बीच सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री लुढ़क गया और महज 16.3 डिग्री दर्ज किया गया। 2010 के बाद यह पहला मौका है, जब दिन में पारा 16.3 डिग्री पर पहुंचा हो। न्यूनतम तापमान भी 8.8 डिग्री दर्ज किया गया।
सोमवार सुबह से ही घने कोहरे और शीतलहर के कारण गलन भरी सर्दी ने लोगों को बेहाल कर दिया। पूरा दिन कांपते और ठिठुरते हुए ही बीता। दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूर्यदेव नजर आए, लेकिन धूप सर्दी पर बेअसर साबित हुई। सुबह घने कोहरे के बीच ताजमहल पहुंचे सैलानियों को ताज नजर नहीं आया। दोपहर बाद ताज की झलक देखने को मिली।
-2.2 डिग्री तक जा चुका है पारा
जनवरी हमेशा ही कड़ाके की सर्दी में लोगों को परेशान करती रही है। जनवरी में अब तक रिकार्ड तोड़ सर्दी 16 जनवरी 1935 को रही, जब पारा माइनस में 2.2 डिग्री पर पहुंच गया। सबसे गर्म जनवरी 26 जनवरी 1991 को रही, जब तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया था। सबसे ज्यादा बारिश का रिकार्ड 9 जनवरी 1957 के नाम है, जब 49.5 मिमी बारिश ने जनवरी में कई दिन कड़ाके की ठंड रखी।
सबसे ठंडा बांदा, फिर आगरा
शहर अधिकतम न्यूनतम
बांदा 15.6 8.6
आगरा 16.3 8.8
कानपुर 18.4 11.8
लखनऊ 18.4 9.4
इलाहाबाद 18.8 11.5
अलीगढ़ 19.8 9.8
वाराणसी 21.1 14.7
बहराइच 22 9.2
मेरठ 23.9 9
बरेली 24.6 10.5
सात से नौ जनवरी के बीच बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, हिमालय की पहाड़ियों पर सात से नौ जनवरी के बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस की दस्तक होगी। मैदानी इलाकों, खासकर आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानों में बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान में एकाएक कमी आएगी और कुछ दिनों तक धूप नजर नहीं आएगी।
कोहरे से फ्लाइट 55 मिनट लेट
आगरा को हवाई मार्ग से जोड़ने वाली एयर इंडिया की एकमात्र फ्लाइट एआई-406 कोहरे से प्रभावित रही और दोपहर में दृश्यता न होने से 55 मिनट देरी से आई। दिल्ली से यह फ्लाइट 30 मिनट देरी से उड़ान भर सकी, लेकिन वाराणसी में यह आधा घंटा देरी से 12:05 पर पहुंची। आगरा आते-आते यह 55 मिनट लेट हुई और दोपहर 2:15 पर आई। खराब मौसम और दृश्यता में कमी के कारण आगरा से खजुराहो यह 3:30 पर पहुंच सकी।
2 जनवरी को कंपकंपाता रहा है मौसम
साल अधिकतम न्यूनतम
2017 16.3 8.8 डिग्री
2016 24 7.2 डिग्री
2015 17 8.3 डिग्री
2014 20.1 5.3 डिग्री
2013 18 6.2 डिग्री
2012 19.5 7.4 डिग्री
2011 20 12 डिग्री
2010 21.1 5.6 डिग्री