प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में आगरा पूरे उत्तर प्रदेश में पांचवें स्थान पर काबिज हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में योजना की समीक्षा बैठक ली। परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि जिले में हर दिन औसतन 80 घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप पैनल लगाए जा रहे हैं।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि अकेले अप्रैल में ही 2,192 सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं। समीक्षा के दौरान डीएम ने निरीक्षण में ढिलाई बरतने पर नाराजगी जताई। कुल 18,384 आवेदनों में 2500 मामले लंबित होने पर डीएम ने टोरंट पॉवर और डीवीवीएनएल को लंबित निरीक्षण जल्द करने व वेंडरों की सुविधा के लिए एक समर्पित विंडो खोलने के निर्देश दिए।
वहीं, ऋण सुविधा में हो रही देरी पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को चेतावनी दी। कहा कि ऋण आवेदनों का निस्तारण हर हाल में सात दिनों के भीतर करें। बैठक में सीडीओ प्रतिभा सिंह, प्रभारी परियोजना अधिकारी नेडा खगेंद्र सिंह, राजीव जैसवाल, अंशुल गुप्ता, आशीष गोयल और प्रशांत सुंदरानी आदि मौजूद रहे।