कोहरे के सीजन में बृहस्पतिवार से ट्रेनों का निरस्त और आंशिक निरस्त होना शुरू हो जाएगा। आगरा मंडल की ट्रेनों में आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी अब शनिवार और रविवार को नहीं चलेगी। इसके अलावा आधा दर्जन ट्रेनों को गंतव्य स्टेशन से पहले ही आंशिक निरस्त करने की घोषणा की गई है।
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी 3 दिसंबर से 26 फरवरी तक शनिवार और रविवार को संचालित नहीं होगी। प्रतिदिन चलने वाली 12179/12180 लखनऊ जंक्शन-आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन दिसंबर माह में 03, 04, 10, 11, 17, 18, 24, 25, 31 तारीख को और जनवरी 2023 में 01, 07, 08, 14, 15, 21, 22, 28, 29 तारीख को और फरवरी में 04, 05, 11, 12, 18, 19, 25, 26 तारीख को निरस्त रहेगी।
ये गाड़ियां भी रहेंगी निरस्त
वहीं गाड़ी संख्या 12177 हावड़ा-मथुरा जंक्शन 2 दिसंबर से 24 फरवरी तक आगरा छावनी से मथुरा जंक्शन स्टेशन के मध्य और गाड़ी संख्या 12178 मथुरा जंक्शन-हावड़ा एक्सप्रेस 5 दिसंबर से 27 फरवरी तक आगरा छावनी से मथुरा जंक्शन स्टेशन के मध्य निरस्त रहेगी। गाड़ी संख्या 12319 कोलकाता-आगरा छावनी 7 दिसंबर से 22 फरवरी तक और गाड़ी संख्या 12320 आगरा छावनी-कोलकाता एक्सप्रेस 8 दिसंबर से 23 फरवरी तक आगरा छावनी से मथुरा जंक्शन स्टेशन के मध्य निरस्त रहेगी।
ये भी पढ़ें - Agra News: पूर्व विधायक चौधरी बदन सिंह का 97 वर्ष की आयु में निधन, लगातार पांच बार रहे थे विधायक
आज से झांसी नहीं जाएगी ताज एक्सप्रेस
कोहरे का असर ताज एक्सप्रेस पर भी पड़ा है। रेलवे के मुताबिक नई दिल्ली-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी ताज एक्सप्रेस 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2023 तक झांसी नहीं जाएगी। ट्रेन नई दिल्ली से चलकर ग्वालियर तक ही जाएगी और वापसी में ग्वालियर से नई दिल्ली पहुंचेगी।