पेट्रोल में केरोसिन की मिलावट करने के आरोपी व्यापारी पंकज माहेश्वरी को आगरा पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र स्थित उसकी फैक्टरी से पुलिस को पेट्रोलियम पदार्थों का अवैध भंडारण भी मिला था। सिकंदरा थाना पुलिस उसे बुधवार को मेरठ से गिरफ्तार करके लाई थी।
इस मामले में पूर्ति निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने 26 सितंबर को थाना सिकंदरा में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें खंदारी के फ्रैंड्स आशियाना निवासी पंकज माहेश्वरी और शाहगंज की विष्णु कॉलोनी निवासी राजेश शर्मा को नामजद किया था। पंकज माहेश्वरी मूल रूप से मेरठ का निवासी है।
औद्योगिक क्षेत्र में मोहम्मदपुर स्थित उसकी फैक्टरी और गोदाम पर छापा मारा गया था। फैक्टरी मालिक पंकज माहेश्वरी लाइसेंस और भंडारण से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका। उसने बताया था कि फैक्टरी जून में राजेश शर्मा को किराए पर दी थी। इस संबंध में उससे कागजात मांगे, वह भी नहीं दिखा पाया। इस पर थाना सिकंदरा में 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था।