आगरा में खेरागढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसओजी पश्चिमी जोन और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सैफऊ बॉर्डर के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 ऑटोमैटिक पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, महिंद्रा थार, नकदी और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।
एडिशनल कमिश्नर सचिन्द्र पटेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक बड़ी मात्रा में अवैध हथियारों की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही खेरागढ़ पुलिस और एसओजी की टीम सक्रिय हो गई। सैफऊ बॉर्डर पर गौशाला के पास पुलिया पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।