मई रोड पर बुधवार रात दो खनन माफिया के गुर्गों के बीच टकराव हो गया। दोनों ओर से पथराव किया गया। कई लोग घायल हुए। पुलिस ने मौके से 12 लोग हिरासत में लिए।
बुधवार सुबह सीओ एत्मादपुर अतुल सोनकर ने कहा कि पुलिस अपनी ओर से केस दर्ज करेगी और संगीन धाराएं लगाएगी लेकिन शाम तक कहानी बदल गई। थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी शांति भंग की मामूली धारा में की। इस पर सीओ सिर्फ इतना कह रहे हैं कि दिखवाएंगे, ऐसा कैसे हुआ?
एक माफिया खंदौली का है, दूसरा सादाबाद का। दोनों के बीच विवाद काफी समय से चल रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मई में दोनों रेत बेच रहे थे। एक दूसरे से कम कीमत में रेत दे रहे थे। इसी पर विवाद हुआ। पेट्रोल पंप के पास दोनों के गुर्गे आमने सामने आ गए।पहले मारपीट और फिर पथराव हुआ।
सूचना पर खंदौली थाना पुलिस पहुंची और मौके से 12 लोगों को थाना ले गई। दोनों माफिया में ठनी हुई है। दोनों एक दूसरे की जेसीबी पुलिस से शिकायत कराकर बंद करा चुके हैं। दोनों ने यह कार्रवाई मथुरा में कराई। क्षेत्राधिकारी एत्मादपुर अतुल कुमार सोनकर ने गुरुवार सुबह कहा कि गिरफ्तार लोगों पर संगीन धाराएं लगाई जाएंगी।
अगर क्षेत्र में अवैध खनन होता मिला तो संबंधित हलका इंचार्ज पर भी कार्रवाई की जाएगी। रात साढ़े नौ बजे उनसे पूछा गया कि थाना पुलिस ने तो शांति भंग की धारा लगाई है, क्या आपने ऐसा ही कहा था? इस पर उनका कहना था कि वह दिखवा रहे हैं कि ऐसा कैसे हो गया।
उधर थाना प्रभारी निरीक्षक कह रहे हैं कि मारपीट का घटनास्थल सादाबाद का है, खंदौली क्षेत्र में सिर्फ कहासुनी हुई थी। इस कारण केस दर्ज न कर शांति भंग में कार्रवाई की है।
रात नौ बजे सादाबाद थाना से भी एक दरोगा जांच के लिए आया। पुलिस ने सचिन, सोनू, राहुल, सुनील, गणेश, भूरा, रिंकू, भूपेंद्र, भूरा, रवि, प्रवीण और सचिन को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन्हें शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।