आगरा में सत्ता पक्ष के एक विधायक के कथित भतीजे पर एक छात्रा को परेशान करने, पीछा करने और मोबाइल पर गंदे मैसेज भेजने के आरोप लगे हैं। छात्रा का कहना है कि वह उसका पीछा करता है। अश्लील हरकत करता है। विरोध करने पर उठाकर ले जाने की धमकी दी है। कहता है कि ताऊ विधायक हैं। उसका कोई कुछ नहीं कर सकता। इससे पीड़ित छात्रा दहशत में है। मामले में थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
छात्रा शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली है। उसने दर्ज कराए मुकदमे में लिखा कि वह एक कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही है। खेरिया मोड़ स्थित संत बुद्धाराम इंटर कॉलेज के पीछे रहने वाला निशांत कुशवाहा उसका पीछा करता है, कमेंट भी करता है। वह कुछ कहती है तो अश्लील हरकतें करने लगता है। देर रात मोबाइल पर मैसेज भेजता है। विरोध करने पर उठाकर ले जाने और किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। छात्रा के परिजनों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वो अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है। आरोप है कि आरोपी ने कहा है कि उसके ताऊ सत्ता पक्ष के विधायक हैं। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
कोई अप्रिय घटना न होने पाए
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पहले वह युवक की बातों पर ध्यान नहीं देती थी, लेकिन उसकी हरकतें बढ़ने लगीं। वह कॉलेज भी नहीं जा पा रही थी। इस कारण समझाने का प्रयास किया, लेकिन निशांत मानने को तैयार नहीं हुआ। वह दहशत में है। उसके और परिजनों के साथ कोई वारदात हो सकती है। इसलिए पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस कर रही विवेचना
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फोटो हुए वायरल
आरोपी निशांत कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर फोटो भी वायरल होने लगे हैं। वह एक कार के आगे खड़ा है। एक फोटो पर वह विधायक के साथ भी नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर कमेंट भी हो रहे हैं।