वाराणसी की फर्म की 98 लाख की चांदी को ट्रैवल एजेंसी के पूर्व कर्मचारी ने ही चोरी कराया था। शातिरों ने बस में सवारी बनकर यात्रा की और प्लाई काटकर डिकी में रखे 48 किलोग्राम चांदी के दो कट्टे चोरी कर लिए। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। चोरी हुई चांदी से मात्र 16 किलो की ही बरामदगी हो सकी है। बाकी चांदी को आरोपियों ने अपने परिचित, रिश्तेदार और अन्य को बेच दिया था। पुलिस माल की बरामदगी के प्रयास में लगी है।
एडीसीपी मनोज कुमार यादव ने बताया कि हथाैता थाना जाहागंज, आजमगढ़ निवासी चंदन सिंह की एससीएन लाॅजिस्टिक फर्म की 48 किलोग्राम चांदी को वाराणसी ले जाते समय बस से चोरी कर लिया गया था। चांदी के छह कट्टों को संजय ट्रैवल्स बालूगंज से बुक कराया गया था। डिलीवरी पर 4 कट्टे मिले थे। इस मामले में थाना रकाबगंज में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
चांदी की कीमत तकरीबन 98 लाख बताई गई थी। मामले में पुलिस टीम ने जांच की। शुक्रवार को डाॅ. आंबेडकर मेट्रो स्टेशन के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें महेंद्र (गांव जनकपुर का पुरा, थाना नूराबाद, मुरैना), राहुल (जरेरूओ, थाना नूराबाद, मुरैना), गगन रावत (थाना भितरवार, ग्वालियर), नीरज (थाना ऊटीला, ग्वालियर) और छोटू (थाना मनिया, धाैलपुर, राजस्थान) हैं। उनसे 16.365 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। इसके अलावा टाटा सफारी, महिंद्र एक्सयूबी, 4 मोबाइल और 49 हजार रुपये बरामद किए गए। वारदात में महेंद्र, राहुल, नीरज और छोटू ही शामिल थे। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पुलिस को सुराग मिला था।
चालक का काम करता था आरोपी छोटू
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी छोटू उर्फ बैजनाम पूर्व में संजय ट्रैवल्स में चालक का काम करता था। उसकी पहचान राहुल से है। वह अपराधी है। छोटू ने उसे चांदी के बारे में बताया था। छोटू, राहुल और महेंद्र ने रेकी की। घटना वाली रात को महेंद्र, नीरज और गगन बस में सवारी बनकर बैठ गए। राहुल अपनी गाड़ी से बस के पीछे चलता रहा। बस में सवार तीनों आरोपी बस में उसी स्थान पर बैठे जहां पर डिकी थी। सीट और डिकी के बीच में प्लाई लगी थी जिसे तीनों मिलकर औजारों से काट दिया।
ढाबे पर बस के रुकने पर माल ले गए
बस के इटावा में ढाबे पर रुकने पर चालक और परिचालक सहित कई यात्री खाना खाने चले गए। फायदा उठाकर चांदी के कट्टे निकालकर राहुल की कार में रख दिए। सीट और प्लाई काटने के लिए औजार मधु नगर से खरीदकर लाए थे। बरामद महिंद्रा गाड़ी महेंद्र की है।