बुजुर्गों और महिलाओं को बनाते थे शिकार
गैंग ने कई राज्यों में अपना जाल फैला रखा है। वह आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में वारदात कर चुके हैं। दिल्ली की एक महिला भी गैंग में शामिल है, जिसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गैंग बुजुर्ग और महिलाओं को शिकार बनाता था।
वह एटीएम में रुपये निकालने आने वाले बुजुर्ग और महिला के लाइन में आगे और पीछे खड़े हो जाते थे। इसके बाद एक व्यक्ति मशीन हैंग होने का बहाना बनाता था। जिसको शिकार बनाना होता था, उससे एटीएम कार्ड मशीन में लगाने को कहते थे। जैसे ही वह मशीन में कार्ड लगाते, वैसे ही कार्ड हाथ में ले लेते थे। इसके बाद पिन एंटर करने के लिए बोलते थे। इसी बीच एटीएम कार्ड बदल देते थे। पासवर्ड देख लेते थे।
कार्ड धारक के बाहर निकलते ही उसके कार्ड से रुपये निकालते थे। इसके अलावा मशीन की कैंसल की पर गोंद चिपका देते थे, जिससे की काम नहीं करता था। लोगों से मशीन खराब होने की कहकर कार्ड हाथ में लेकर बदलते थे। पूछताछ में यह भी पता चला है कि जिस रूट पर जाना होता था उसका चयन टास से करते थे। गैंग के तीन सदस्य केबिन में जाते थे। दो सदस्य बाहर रहते थे। पकड़े जाने की स्थिति में बाहर वाले साथी आ जाते थे। महिला भी आ जाती थी, जिससे किसी को शक नहीं होता था।