आगरा में नगर निगम के डंपर की चपेट में आकर घायल हुई छात्रा गार्गी शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। लोग सोशल मीडिया पर उसके लिए दुआएं कर रहे हैं। साथ उसके परिवार की आर्थिक मदद करने की भी अपील कर रहे हैं।
घायल छात्रा के परिवार को आर्थिक मदद देने के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में लोग सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज पहुंचे। विद्यालय प्रशासन ने अंदर जाने के लिए गेट नहीं खोला। बताया गया कि विद्यालय की ओर से मदद के लिए किसी को मैसेज नहीं भेजा गया था। लोग गार्गी के परिवार को सीधे मदद दे सकते हैं।
किसी व्यक्ति ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला था कि शनिवार को स्कूल में गार्गी शर्मा के परिवार को आर्थिक सहायक प्रदान करने के लिए धनराशि एकत्रित की जाएगी। स्कूल प्रशासन की ओर से अभिभावकों को मैसेज भेजा गया है। हालांकि सोशल मीडिया पर ही कुछ अभिभावकों ने ऐसा मैसेज प्राप्त न होने की बात कही।