आगरा जिले की पांच नगर पालिका परिषद में भारतीय जनता पार्टी का खाता भी नहीं खुला। पिछले चुनाव में बाह, फतेहपुर सीकरी और अछनेरा में कमल खिला था। इस बार बाह और शमसाबाद में निर्दलीय जीते। अछनेरा में रालोद, फतेहपुर सीकरी में बसपा और एत्मादपुर में सपा काबिज हुई है। पिछले चुनाव में शमसाबाद और एत्मादपुर में समाजवादी पार्टी की साइकिल चली थी। इस बार एत्मादपुर में सपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा, लेकिन शमसाबाद में निर्दलीय जीता।
बाह से निर्दलीय दिवाकर सिंह जीते
नगर पालिका में निर्दलीय दिवाकर सिंह ने भाजपा के सुनील बाबू को 989 मतों से हराया। यहां भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। निर्दलीय जीते दिवाकर सिंह 2012 में सपा के टिकट पर चेयरमैन बने थे। इस बार यहां सपा, बसपा और कांग्रेस तो अपनी जमानत भी नहीं बचा पाईं। मतगणना शुरू होने से आखिर तक दिवाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी पर बढ़त बनाए रखी। कुल 8,730 मत पड़े थे। जिनमें 514 मत निरस्त हुए। 8216 मतों में से निर्दलीय दिवाकर सिंह को 4151 वोट मिले। भाजपा के सुनील बाबू को 3162 मत मिले। सपा के पवन टाइगर को 492, बसपा के अमित गुप्ता को 290 और कांग्रेस के अजय पचौरी को 102 मत हासिल हुए।