बाह। गढ़ा पचौरी गांव में रविवार रात चोरों ने एक सूने मकान के दरवाजे की कुंदी काटकर पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। पीड़ित रमेश बघेल ने बाह थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। रविवार रात चोरों ने उनके बंद मकान के कमरों के ताले तोड़कर पीतल के बर्तन समेट लिए।
चोरी का सामान ले जाते समय मंदिर के पीछे वाली गली में पड़ोसी राजकुमार जाग गए। उनके टोकने पर घबराए चोर कुछ बर्तन मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पड़ोसियों की सूचना पर दिल्ली से बाह लौटे रमेश बघेल को घर से कीमती बर्तन गायब मिले। पीड़ित ने पुलिस से जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है। बाह पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। - जितेंद्र कुमार, एसीपी बाह