खंदौली (आगरा)। थाना खंदौली के नगला ताशी गांव के पास मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर पहुंची टीम पर सोमवार की रात खनन माफिया ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पथराव किया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए पांच हमलावरों को दबोचा लिया। उनके पास एक कार, डंपर और बुलडोजर को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना खंदौली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद विशिष्ठ ने बताया कि सोमवार की रात सूचना मिली थी कि क्षेत्र के नगला ताशी गांव के समीप हथियारबंद खनन माफिया बुल्डोजर, डंपर की मदद से मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही करीब 15-20 खननकर्ता भागने लगे। इस दौरान उन्होंने कार से पुलिसकर्मियों को कुचलने की भी कोशिश की। हालांकि पुलिसकर्मियों ने भागकर खुद को बचाया। इसके बाद हमलावरों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव इतना अचानक था कि कुछ देर के लिए पुलिसकर्मी भी सहम गए।
किसी तरह पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। घेराबंदी करके पुलिस ने अवैध खनन और हमले के 5 आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रकाश, एकेंद्र सिंह निवासी गढ़ी हुलासी थाना सादाबाद जिला हाथरस, देवव्रत निवासी गांव सीस्ता पोस्ट बांस अमरू थाना सादाबाद जिला हाथरस, महेश निवासी इसीपुर थाना सिकंदराराऊ, हाथरस और डंपर चालक मानिकचंद्र निवासी नगला बैरू थाना सादाबाद जिला हाथरस हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों को सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि हाथरस के सादाबाद में खनन करने के बाद मिट्टी को लेकर आ रहे थे। पुलिस के रोकने पर हमला किया। कार सवार, डंपर और बुलडोजर भी जब्त कर लिए गए। पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर पांच आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।