फतेहाबाद फोटो। ट्रेलर की टक्कर से खाई में पलटा ऑटो
फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार रात पीली पट्टी पर खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए और किसी को चोट नहीं आई।
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के पलासिया निवासी दिनेश कुमार धाकड़ ट्रेलर में मथुरा से सीमेंट लेकर कडप्पा, आंध्र प्रदेश जा रहे थे। एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर का पहिया फट गया। इस पर उन्होंने ट्रेलर को पीली पट्टी पर खड़ा कर दिया था। इसी दौरान पीछे से ट्रक लेकर आ रहे वैशाली, बिहार निवासी वीरेंद्र कुमार को नींद की झपकी आ गई। उनका ट्रक अनियंत्रित होकर आगे खड़े ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सुधीश कुमार शुक्ला ने बताया ट्रक चालक को नींद आने के कारण खड़े ट्रेलर में पीछे से टक्कर लगी थी। हादसे में किसी को चोट नहीं आई है।