फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के वेदपुरा मिठपुरा गांव में अभी बड़े बेटे की शादी की खुशियों की गूंज थमी भी नहीं थी कि नियति ने एक ही पल में पूरे परिवार को उम्र भर का गम दे दिया। शनिवार सुबह आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को बेरहमी से कुचल दिया। इस हादसे में शिवचरन और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई। शनिवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे के बाद शाम को मृतक के घर पर जमकर हंगामा हुआ। भांजे की मौत से गुस्साए ससुराल पक्ष के करीब दो दर्जन लोगों ने बेदपुरा पहुंचकर घर की महिलाओं के साथ मारपीट की। ग्रामीणों और ससुराल पक्ष के बीच हुई इस भिड़ंत के कारण फतेहाबाद-रिहावली मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन हमलावरों को हिरासत में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।
शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे, फतेहाबाद के वेदपुरा मिठपुरा निवासी शिवचरन (35) अपने 15 वर्षीय पुत्र शिवम के साथ बाइक से वाजिदपुर जा रहे थे। पूठपुरा-कल्याणपुर गांव के पास आगरा की ओर से आ रहे पेप्सी से लदे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को राैंद दिया। हादसा शिवचरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस और ग्रामीणों ने तीन किलोमीटर पीछा कर कैंटर को तो पकड़ लिया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। वहीं, शाम को हुए हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ससुराल पक्ष ने घर में घुसकर महिलाओं को पीटा
हादसे के बाद गमजदा परिवार पर शाम को उस वक्त एक और मुसीबत टूट पड़ी, जब मृतक शिवचरन की ससुराल रूदऊ, टूंडला से करीब दो दर्जन लोग वेदपुरा पहुंच गए। ससुराल पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि यदि शिवम को समय पर अस्पताल ले जाया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि ससुरालियों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने ससुराल पक्ष के तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि बाकी भाग गए। इस हंगामे के कारण फतेहाबाद-रिहावली मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा।
पहले मां को खोया, अब पिता-भाई भी नहीं रहे
मृतक शिवचरन सटरिंग का काम कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी पत्नी की 8 वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब शिवचरन और शिवम की मौत के बाद 14 वर्षीय बेटी शिवानी, बड़ा बेटा शिवा (19) और छोटा बेटा आकाश (13) अनाथ हो गए हैं। शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है, वह बेसुध होकर बस यही पूछ रही है कि अब उनका सहारा कौन बनेगा। वहीं, शिवचरन की 80 वर्षीय मां रामदुलारी के विलाप ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।
8 दिन पहले घर आई थी बहू, शादी वाले घर में मातम
महज 8 दिन पहले, 26 अप्रैल को शिवचरन के बड़े बेटे शिवा की शादी हुई थी। घर में नई नवेली दुल्हन के स्वागत की रस्में चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। पुलिस के अनुसार, यदि पिता-पुत्र ने हेलमेट पहना होता, तो सिर में गहरी चोट न लगने के कारण उनकी जान बच सकती थी।