बाह। तेज रफ्तार कार की टक्कर से नौनेरा गांव के हलवाई मुन्नालाल (40) की मौत हो गई। कचौरा घाट बाह मार्ग पर जैतपुर के गोपालपुरा गांव के पास बुधवार की शाम 7.30 बजे नौनेरा गांव के हलवाई मुन्नालाल को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। मौके पर पहुंचे राहगीर घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पर लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचे बेटे गुलशन ने बताया वह बाह से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। मृतक ने अपने पीछे पत्नी कुसमा, बच्चों गुलशन (18), श्रीमोहन (16), वीरवती (12) और राखी (10) को छोड़ा है। परिवार में मुन्नालाल के अलावा कोई कमाने वाला नहीं है। मौके पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बाह की मोर्चरी में रखवा दिया है। एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। संवाद