मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल फायरिंग के आरोपी रामलखन उर्फ गोलू को सहारा देकर अस्पताल ल
पैर में गोली लगी, देसी पिस्टल, वारदात में प्रयुक्त बाइक, 180 रुपये मिले
28 अक्तूबर को शादी के कार्यक्रम से निकलते समय किया गया था जानलेवा हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बाह। बासौनी के उमरैठा गांव में 28 अक्तूबर की रात कांग्रेस नेता उमाशंकर उपाध्याय एवं उनके बड़े भाई शिवशंकर पर फायरिंग की गई थी। जानलेवा हमले में गोली लगने से दोनों भाई घायल हो गए थे। सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी रामलखन उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पैर में गोली लगी है।
एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार ने बताया कि मिताइली-उमरेठा मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हुई। गोली लगने से घायल हुए आरोपी रामलखन उर्फ गोलू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से देसी पिस्टल, दो कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बाइक एवं 180 रुपये मिले हैं। उमरैठा गांव में 28 अक्तूबर की रात शादी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कांग्रेस नेता उमाशंकर उपाध्याय एवं उनके बड़े भाई शिवशंकर अपनी कार में बैठ रहे थे। आरोप है कि तभी सतानंद उर्फ बबलू, रामलखन उर्फ गोलू आदि 5 लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। उमाशंकर उपाध्याय के कंधे और शिवशंकर के जबड़े एवं पेट में गोली लगी थी। दोनों ने पुलिस को बताया था कि जमीन की रंजिश और धोखाधड़ी के मामले में पैरवी करने पर जानलेवा हमला किया गया था। उमाशंकर उपाध्याय की तहरीर पर बासौनी पुलिस ने रामलखन उर्फ गोलू, सतानंद उर्फ बबलू और 3 अन्य हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया था।