चंबल घाट पर मोटर बोट संचालन बंद होने पर कांवड़ियों ने किया हंगामा
पिनाहट। चंबल नदी में बहाव तेज होने के चलते प्रशासन ने रविवार सुबह कस्बा चंबल घाट पर मोटर बोट का संचालन बंद करा दिया। इससे नदी पार करने के लिए घाट पर पहुंचे सैकड़ों कांवड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बारिश के बीच कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी बाह विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया।
करीब चार घंटे तक कांवड़ यात्री बारिश में भीगते हुए घाट पर इंतजार करते रहे। बाद में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश प्रशासन के अधिकारियों के बीच सहमति बनने के बाद सुरक्षा व्यवस्था के साथ दो चरणों में मोटर बोट संचालन शुरू कराया गया तथा कांवड़ यात्रियों को नदी पार कराया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग पिनाहट की ओर से चंबल घाट पर कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों ने कांवड़ियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। संवाद