गड्ढों से छलनी हुई धोबई-मंगदपुर की सड़क
- फोटो : Samvad
बाह। आगरा स्टेट हाईवे और बाह-बटेश्वर मार्ग के बीच बनी धोबई-मंगदपुर की सड़क गड्ढों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। कई जगह जानलेवा कटान हो गए हैं। डेढ़ किमी लंबी सड़क की पीडब्ल्यूडी मरम्मत नहीं करा रहा है। गड्ढों के कारण बटेश्वर मेेले के श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ेगी।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के गड्ढों के कारण आए दिन ऑटो पलटते रहते हैं। दोपहिया वाहन सवार भी हादसे का शिकार हो रहे हैं। आए दिन होने वाले हादसों के मद्देनजर जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की चेतावनी के बाद भी पीडब्ल्यूडी की नींद नहीं टूटी है। जबकि कार्तिक पूर्णिमा स्नान और भोलेनाथ के दर्शन के लिए टैक्सी और ऑटो से इसी सड़क के रास्ते श्रद्धालु बटेश्वर पहुंचेंगे। ऐसे में हादसे का डर बना हुआ है। धोबई, जरार, बाह, मंगदपुर के लोगों ने सड़क के गड्ढे भरे जाने की मांग की है। जिससे हादसे न हों। संवाद
बाह में 100 करोड़ से ज्यादा की सड़कें बनी, सीसी मार्ग और प्रवेश द्वार का लोकार्पण
फोटो
बाह। विधानसभा क्षेत्र बाह के मई, मुड़ियापुरा और रजपुरा गांव में विधायक पक्षालिका सिंह ने सीसी मार्ग का लोकार्पण किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान रास्तों को पक्का कराए जाने की मांग उनके सामने उठी थी।
मुड़ियापुरा में लोकार्पण के दौरान विधायक का चांदी का मुकुट पहनाकर और गदा सौंपकर स्वागत सम्मान किया गया। रजपुरा गांव में प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 100 करोड़ से ज्यादा लागत की सड़कें बनवाई हैं। प्रयास ये है कि कोई भी गांव पक्के रास्ते से वंचित न रहे। यमुना-चंबल के बीहड़ के गांवों की सड़कों में वन विभाग के रोड़े को लेकर उन्होंने कहा कि वन विभाग की एनओसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिससे वंचित गांवों को सड़क की सुविधा मिल सके। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह चौहान, दिनेश मिश्रा, मुन्नालाल गुर्जर, भगत सिंह चौहान, संतोष गहलौत, अजीत भदौरिया, गौरव मिश्रा प्रधान, आकाश जादौन प्रधान, हृदय नारायन शर्मा, सोनू प्रधान, भूरेंद्र सिंह भदौरिया आदि रहे। संवाद