खेरागढ़। बैंक में रुपये जमा कराने आए दूध कारोबारी के डेढ़ लाख रुपये से भरा थैला चोर चुराकर ले गए। पीड़ित ने थाना खेरागढ़ में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
राजेश निवासी भिलावली खेरागढ़ दूध का व्यवसाय करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे खेरागढ़ कस्बा स्थित एसबीआई बैंक में दो लाख रुपये जमा करने आए थे। बैंक खाते में पैनकार्ड नहीं लगा होने के कारण 50 हजार ही जमा हुए। पासबुक और डेढ़ लाख रुपये से भरा थैला बाइक की डिग्गी में रख बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचे आए थे। बाहर आए तो रुपयों से भरा थैला गायब था। हैरान परेशान होकर थाने पहुंच पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एसबीआई बैंक के बाहर ही एक युवक बाइक की डिग्गी से थैला निकालता हुआ दिख रहा है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज आदि साक्ष्य एकत्रित कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।