खंदौली (आगरा)। एटा के एक अधिवक्ता का 10वीं में पढ़ने वाला बेटा पिता की पिटाई के डर से मंगलवार को घर से भाग गया। उसकी तलाश में परिजन परेशान रहे। वहीं, देर रात खंदौली के ग्राम पोइया के समीप छात्र को स्कूल की ड्रेस में भटकते देख लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस छात्र को अपने साथ थाने ले गई और परिजन को सूचना दी। पुलिस ने देर रात छात्र को उसके पिता के मौसेरे भाई के सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मंगलवार की रात सूचना मिली कि गांव पोइया के समीप एक 16 वर्षीय छात्र स्कूल की ड्रेस में घूम रहा है। पूछताछ करने पर छात्रा ने अपना नाम घनेंद्र प्रताप सिंह निवासी नीमखेड़ा, थाना सकरौली, एटा बताया। कहा कि उसके पिता जीवेंद्र प्रताप सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं। उसने घर पर रखे कुछ पुराने लोहे के पाइप को पिता को बगैर बताए कबाड़ में बेच दिया था। पिता के पिटाई करने के डर से वह मंगलवार की दोपहर घर से साइकिल से भाग निकला था। सकरौली में साइकिल छोड़कर बस से खंदौली पहुंच गया। पुलिस ने छात्र से पिता का मोबाइल नंबर लेकर बात की। बेटे के मिलने पर परिजन ने राहत की सांस ली। देर रात पुलिस ने छात्र को पिता के माैसेरे भाई सत्यपाल सिंह निवासी शोभानगर थाना एत्माद्दौला की सुपुर्दगी में दे दिया।