शमसाबाद। ग्राम मुक्तिपुरा निवासी सुमन (28) की मंगलवार सुबह अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वह 7 नवंबर की सुबह चोटिल अवस्था में मिला था। परिजन उसे आगरा के अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद जयपुर ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उसे जयपुर ले गए और एसएमएस अस्पताल में इलाज कराया। 16 नवंबर को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। मंगलवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि 6 नवंबर की सुबह सुमन तिवरिया पर जाने की कहकर घर से निकला था, लेकिन शाम को वापस नहीं लौटा। 7 नवंबर की सुबह जब उसकी तलाश की गई, तो वह बंद पड़े भट्ठे के पीछे चकरोट के किनारे बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे उठाकर घर ले आए। पहले परिजनों को लगा कि उसने कुछ खा लिया है और शाम तक ठीक हो जाएगा, लेकिन शाम को तबीयत बिगड़ने पर उसे आगरा और फिर जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों ने सुमन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसके परिवार में 4 बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी मोहिनी (11), अनन्या (9), खुशी (7) और एक बेटा (3) शामिल हैं। उसकी मौत के बाद अब परिवार के सामने बच्चों के लालन-पालन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - राम प्रवेश गुप्ता, एसीपी शमसाबाद