फाइल फोटो छात्रा निशा स्रोत परिजन
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव जरारी से रहस्यमय तरीके से लापता हुई कक्षा 6 की 12 वर्षीय छात्रा निशा का शव पांचवें दिन मंगलवार को यमुना नदी में उतराता हुआ मिला। थाना पिढौरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंचे और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपनी पुत्री निशा के रूप में की। बेटी का शव देखकर परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
थाना फतेहाबाद क्षेत्र गांव जरारी निवासी त्रिभान सिंह किसान है। उन्होंने ने बताया कि उनके तीन बच्चे है। बड़ी पुत्री अंजली (14) कक्षा 9, निशा (12) कक्षा 6 और पवन (8) कक्षा 3 नौगवां स्थित पंजाब सिंह इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह बड़ी बेटी अंजली की साइकिल खराब होने पर पत्नी ने पुत्री निशा से छोटे पुत्र पवन को साथ ले जाने को कहा, लेकिन निशा ने इनकार कर दिया और नाराज होकर रोजाना की तरह सुबह करीब नौ बजे अकेले साइकिल से स्कूल के लिए निकल गई। पीछे साइकिल से पुत्र पवन उसे मिला तो निशा ने कहा कि साइकिल की चैन उतर गई है, मैं अभी ठीक करके आती हूं, तुम स्कूल चलो। इसके बाद पवन स्कूल चला गया, लेकिन निशा वहां नहीं पहुँची।शाम को पवन के घर लौटने पर जब पत्नी ने निशा के बारे में पूछा, तब पता चला कि वह स्कूल गई ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारियों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बृहस्पतिवार को दस बजे पिता त्रिभान सिंह ने फतेहाबाद थाने में केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने पांच टीमों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुक्रवार सुबह स्वारा देवी मंदिर के पास जंगल में छात्रा की साइकिल और बैग बरामद हुए। इसी आधार पर यमुना नदी में पीएसी के गोताखोरों द्वारा कई किलोमीटर तक स्टीमर से खोज अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।सोमवार की शाम थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के बलाईघाट के पास एक किशोरी का शव नदी में उतराता हुआ मिला जानकारी फतेहाबाद पुलिस को दी गई । पिढ़ौरा पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को फतेहाबाद पुलिस छात्रा के परिजन को पोस्टमार्टम गृह लेकर पहुंची, जहां शव की पहचान परिजन ने निशा के रूप में की गई। छात्रा की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।
अपराध निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि मां की ओर से छात्रा को डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर स्कूल की कहकर घर से गई थी।छात्रा का पिढौरा क्षेत्र में यमुना नदी किनारे शव मिला है। शव की परिजन की ओर से अपनी पुत्री के रूप में पहचान की है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण पता चल पाएगा।