फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गांव पावसर में तीन बच्चियों की हत्या की सूचना से शुक्रवार को पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच की, तो मामला पूरी तरह फर्जी निकला। पुलिस को मौके पर दो बच्चियां जीवित और स्वस्थ मिलीं।
डाैकी पुलिस के मुताबिक, डाैकी के पावसर गांव निवासी रूपेश पुत्र स्व. सुजान सिंह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनका उपचार थाना एकता क्षेत्र स्थित जीआर अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बताया गया कि रूपेश के छोटे भाई राहुल को भाई की मौत से मानसिक आघात पहुंचा। उसने डायल 112 पर फोन कर तीन बच्चियों की हत्या किए जाने की झूठी सूचना दे दी। सूचना पर थाना डौकी पुलिस गांव पहुंची और जांच की। रूपेश के घर पहुंचने पर पता चला कि उनकी दो पुत्रियां हैं। इनमें बड़ी पुत्री मनु 3 वर्ष और छोटी पुत्री कनिष्का डेढ़ वर्ष हैं। दोनों बच्चियां घर पर जीवित और स्वस्थ मिलीं। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया राहुल मानसिक रूप से परेशान रहता है। पुलिस जांच में तीन बच्चियों की हत्या की सूचना पूर्णतः झूठी निकली।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बीमारी के चलते युवक मौत हो गई थी। भाई की मौत के बाद सदमे में युवक ने तीन बच्चियों की हत्या की झूठी सूचना दी थी मौके पर पुलिस गई थी। तीनों बच्चे सुरक्षित हैं। सूचना देने वाले युवक का मानसिक रूप ठीक नहीं है।