बटेश्वर। तीर्थ नगरी बटेश्वर के नारंगी घाट पुल से बुधवार शाम करीब 6:30 बजे यमुना नदी में छलांग लगाने वाले ट्रक ड्राइवर का शव बृहस्पतिवार को गोताखोरों ने बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान फिरोजाबाद जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव बहोरी डांडा निवासी 25 वर्षीय शिवकुमार उर्फ छोटे पुत्र रविंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक ड्राइवर था। अविवाहित था। घटना के बाद से ही स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की फ्लड यूनिट यमुना नदी में युवक की तलाश में जुटी थी। कड़ी मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार शाम करीब 7:40 बजे मड़इयां गांव के पास यमुना नदी में उसका शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। वे रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल, युवक द्वारा यमुना में छलांग लगाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। संवाद