अछनेरा। तहसील किरावली के मौजा रायभा (नगला लालदास) में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की हिदायत को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने रात के अंधेरे में एक महिला का बैनामाशुदा खेत जोत दिया। पीड़िता ने एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई और जमीन को कब्जामुक्त कराने की गुहार लगाई है।
नगला लालदास निवासी सर्वेश पत्नी महेश चंद ने बताया कि उन्होंने 24 सितंबर को मौजा रायभा स्थित गाटा संख्या 2441 (कुल रकबा 2.187 हेक्टेयर) के एक-चौथाई हिस्से का विधिवत बैनामा कराया था। आरोप है कि ग्राम जखा निवासी मुन्ना, गौरव व अन्य लोग बिना किसी स्वामित्व के लाठी-डंडों के बल पर जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी भी देते हैं। पीड़िता के अनुसार, इससे पहले उन्होंने एसडीएम अभिनव पाठक और तहसीलदार किरावली से शिकायत की थी। अधिकारियों के निर्देश पर कुकथला चौकी प्रभारी और लेखपाल ने मौके पर जांच कर आरोपियों को जमीन के कागजात दिखाने और कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद दबंगों ने प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करते हुए रात में खेत जोत दिया।
महिला की ओर से जमीन पर कब्जे की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है, तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। - शैलेंद्र सिंह, एसीपी अछनेरा