किरावली। नहर, माइनरों की सफाई में लापरवाही और पानी छोड़े जाने में देरी पर फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल ने नाराजगी जताई है। चेताया कि 25 नवंबर तक नहरों में पानी नहीं उपलब्ध कराया गया तो वे किसानों के साथ आंदोलन को बाध्य होंगे।
विधायक ने बताया कि नहरों की सफाई के नाम पर घास, झाड़ियों और सरपतों को काटकर पटरियों पर डाल दिया गया है। इससे किसानों और राहगीरों को आने जाने में परेशानी हो रही है। कहा कि सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता जनप्रतिनिधियों को गुमराह कर रहे हैं। पहले 5 नवंबर तक नहरों में पानी छोड़़ा जाना बताया था। फिर 10 नवंबर बताया। कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों की ओर से किसानों के लिए पानी न छोड़ना अच्छी बात नहीं है। किसान आलू, गेहूं, बरसीम आदि फसलों के लिए पानी का इंतजार कर रहा है। विधायक ने आरोप लगाया है कि सिंचाई विभाग ने नहरों की सफाई ठीक तरह से नहीं कराई है। चेतावनी दी कि 15 नवंबर तक सभी नहरों, माइनरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों को लेकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने नहरों की सही से सफाई कराकर पानी छोड़े जाने और पटरियों पर रखी गई घास, झाड़ियों को हटवाने के लिए भी कहा है। संवाद