आगरा। कमला नगर थाना क्षेत्र के ओम गेस्ट हाउस के बाहर एक युवती के कार खड़ी करने पर विवाद हो गया। आरोप है कि मालिक ने कार के साइड मिरर को घुमा दिया। जगह-जगह स्क्रेच मार दिए। विरोध जताने पर युवती से अभद्रता की। हाथ पकड़कर खींचने लगा। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। हालांकि गेस्ट हाउस मालिक ने आरोपों को निराधार बताया है।
थाना कमला नगर में पीड़िता के पिता ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी 10 नवंबर को दोपहर दो बजे कमला नगर स्थित डाॅ. सतीश अग्रवाल के क्लीनिक पर गई थी। कार को ओम गेस्ट हाउस के बाहर पार्क कर दिया। आरोप है कि वह दवा लेकर वापस पहुंची तो नशे की हालत में गेस्ट के मालिक गौरव पुरोहित आ गए।
आरोप है कि उन्होंने बेटी को हाथ पकड़कर खींचा। विरोध पर कपड़े फाड़ने लगा। इस पर उसने शोर मचाया तो लोग आ गए। यह देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कार खड़ी करने का विवाद सामने आया है। केस दर्ज कर लिया है। छेड़छाड़ की भी धारा लगाई गई है।
उधर, गेस्ट हाउस मालिक ने अपने पक्ष में एक वीडियो दिखाया। इसमें उसका कहना है कि एक तो गाड़ी खड़ी कर दी है। इसके बावजूद अभद्रता की जा रही है। हालांकि पुलिस को इस वीडियो में युवती रोते हुए नजर आ रही है। मालिक ने पुलिस से कहा कि युवती ने झूठा आरोप लगाया है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।