पिनाहट। बसई अरेला थाना क्षेत्र के गांव नयापुरा (कांकरखेड़ा) के पास रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। साइकिल पर पशुओं के लिए चारा लेकर घर लाैट रहे 9 साल के मासूम बच्चे को ट्रैक्टर ने चपेट में लेकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आनन-फानन में परिजन उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा ले गए, जहां उपचार के दाैरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। मासूम बालक की माैत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हादसा सुबह 9.30 बजे करीब हुआ। गांव नयापुरा निवासी सत्यवीर का नौ वर्षीय पुत्र गगन कक्षा दो का छात्र था। रविवार सुबह गगन अपनी साइकिल से खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। गांव के पास सामने से आ रहे एक स्वराज ट्रैक्टर के चालक ने गगन की साइकिल में टक्कर मार दी। गगन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन भी पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन लहूलुहान हालत में गगन को लेकर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था गगन
मृतक गगन के पिता सत्यवीर दिल्ली में रहकर पत्थर लगाने (मजदूरी) का काम करते हैं। गगन तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घर का सबसे छोटा और मां विमलेश का लाडला था। गगन की माैत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेसुध हो रही थीं। हादसे के बाद रविवार को पूरा गांव शोक में डूबा रहा।
वर्जन
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।-अनिल कुमार, एसीपी पिनाहट
===============================
कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल
पिनाहट। थाना मंसूखपुरा क्षेत्र के गांव पापरी नागर के पास रविवार सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव अमरूपुरा, मंसुखपुरा निवासी सुरेंद्र (22) रविवार सुबह अपने पिता राजवीर (40) को बाइक से लेकर पिनाहट जा रहे थे। गांव पापरी नागर के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर माैजूद ग्रामीणों दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन ने बताया कार सवार और बाइक सवार दोनों पक्षो ने सुलहनामा कर लिया। संवाद
ट्रैक्टर की टक्कर से नौ वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम