फतेहाबाद फोटो।फाइल फोटो मोनू स्रोत परिजन ,विलाप करती महिलाएं, लगी भीड़
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव पारौली सिकरवार में नाव चलाते समय यमुना नदी में डूबे नाव संचालक का शव चौथे दिन शुक्रवार को भोलपुरा गांव के नीचे नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजन ने कपड़ों और चेहरे से शव की पहचान मोनू (18) पुत्र बटेश्वरी के रूप में की। युवक की माैत से परिवार में चीखपुकार मच गई।
पारौली सिकरवार निवासी मोनू विगत मंगलवार को पारौली घाट से नाव में करीब एक दर्जन महिला, पुरुष और बच्चों के साथ चार-पांच बाइक लेकर यमुना नदी पार करा रहा था। बीच में अचानक उसके हाथ से नाव का रस्सा छूट गया और वह गहरे पानी में डूब गया। रस्से की पकड़ छूटने से नाव अनियंत्रित होकर करीब दो किलोमीटर तक बह गई। नदी किनारे जाकर रुक गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नाव में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन मोनू का सुराग नहीं लग सका था। बुधवार से पीएसी के गोताखोरों की टीम मोटरबोट की सहायता से यमुना नदी में उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे भोलपुरा गांव के नीचे ग्रामीणों ने यमुना नदी में एक शव उतराता देखा। सूचना पर पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन ने शव की पहचान मोनू के रूप में की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट व तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।