बाह। विधानसभा क्षेत्र बाह में 361 बूथ हैं। एसआईआर में 283 बीएलओ ने समय से पहले 100 फीसदी डिजिटाइजेशन कर नजीर पेश की है। 100 फीसदी काम करने वाले 78 फीसदी बीएलओ के शानदार प्रदर्शन पर एसडीएम बाह संतोष कुमार शुक्ला, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, नायब तहसीलदार सुधीर गिरी ने पीठ थपथपाई, काम में पिछड़े बीएलओ को उनसे प्रेरणा लेकर डिजिटाइजेशन पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजनैतिक दलों के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) से भी सहयोग का आह्वान किया है।
बाह विधानसभा क्षेत्र में महज 78 बीएलओ ऐसे हैं, जिनका काम अभी पूरा नहीं हो सका है। जिनमें क्यारी के राधेश्याम, मढैया जयसिंह के विकास यादव, बिजकौली के अनूप सिंह, कचौराघाट सुमित यादव, गुर्जा बासौनी के हीरा सिंह, नंदगवा के राकेश कुमार, झाडे की गढ़ी के रामकिशोर, कचौराघाट के अरविंद सिंह, मालौनी के रामकिशोर, जैतपुर के कृष्णेय कुमार मिश्रा, कल्याणपुर के नितिन प्रकाश, गढ़वार के अमित कुमार गर्ग, कूकापुर के रामरूप, कोरथ के दिलीप कुमार शर्मा, भरतार के वीरेश कुमार, जैतपुर के प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, गुर्जा वासुदेव के ओमप्रकाश बघेल, वैदपुरा के मोहरमन सिंह, खेडा राठौर के विवेक कुमार शर्मा, नाहटौली के भीम सिंह चाहर, अभयपुरा के हरेंद्र कुमार सोनी ऐसे बीएलओ हैं, जिनका काम 90 फीसदी से कम हुआ है। एसडीएम ने शुक्रवार को 100 फीसदी काम करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने काम में पिछड़े बीएलओ की मदद के लिए आंगनबाड़ी, शिक्षामित्र, शिक्षक, लेखपाल को लगाया है। जिससे समय से पहले ही 100 फीसदी काम पूरा हो जाए।
-
एसआईआर : बूथों पर पढ़कर सुनाई गई सूचियां, गणना प्रपत्र जमा कराने में जुटे बीएलओ
बाह। विधानसभा बाह की निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में बीएलओ से तैयार की गई मृतक, शिफ्टेड, डुप्लीकेट (सूची में एक से अधिक जगह नाम) और लापता मतदाता की सूचियां बूथों पर चस्पा कर दी गई है। शुक्रवार को नायब तहसीलदार दया चंद पौरुष होलीपुरा के 3, भदरौली के 4, नरहौली के 2 बूथों पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव के लाेगों एवं राजनैतिक दलाें के बीएलए के बीच बीएलओ से तैयार की गई सूची पढ़कर पुष्टि कराई गई।
वहीं, बीएलओ दिन भर गणना प्रपत्र जमा कराने में डोर टू डोर पहुंचे। अधूरे मिले गणना प्रपत्र भर कर जमा करे। ढूंढे से मतदाता न मिलने की वजह से कई बीएलओ चकर घिन्नी बने हुए हैं। यही कारण है कि क्यारी के बीएलओ राधेश्याम, बिजकौली के बीएलओ अनूप सिंह, गुर्जा बासौनी के बीएलओ हीरा सिंह 80 फीसदी से भी कम काम पूरा कर सके हैं। उन्हें मतदाता ढूंढे नहीं मिल रहे। सहयोगियों की मदद से भी लाभ नहीं हुआ है। एसडीएम बाह संतोष कुमार शुक्ला ने राजनैतिक दलों से भी अपने बीएलए को लगा कर सूचियां देखने एवं गणना प्रपत्र भरने एवं संकलन करने में बीएलओ की मदद का आह्वान किया है। संवाद