बटेश्वर कोरीडोर का निरीक्षण करते पर्यटन सचिव मृदुल कुमार चौधरी साथ मे पर्यटन विभाग के अधिकारी
बटेश्वर। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से बटेश्वर तीर्थ धाम में कराए जा रहे विकास कार्यों और कॉरिडोर निर्माण कार्य का शुक्रवार को लखनऊ से आए पर्यटन विभाग के निदेशक एवं सचिव मृदुल कुमार चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कॉरिडोर में नवनिर्मित यज्ञशाला, घाटों और मंदिरों के चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लिया और अब तक हुए काम पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने मंदिरों के शिखर पर लगाई जा रही फसाड लाइटों को सही तरीके से स्थापित करने की हिदायत दी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गति बढ़ाने और उसकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। इस मौके पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, इंजीनियर एसपी दुबे, विशाल श्रीवास्तव, ठेकेदार श्रीनिवास गोयल, बीके चौहान, प्रवीण गोयल, आयुष गुप्ता और बिंटू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
इंसेट
शिव पुराण गैलरी का लिया जायजा
इसके बाद निदेशक मृदुल कुमार चौधरी ने 72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अटल संकुल भवन का जायजा लिया। वहां उन्होंने अटल म्यूजियम के हॉल, शिव पुराण गैलरी और समुद्र मंथन गैलरी आदि के निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने तेजी से चल रहे इन कार्यों में मानकों और उच्च गुणवत्ता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान मौके पर इंजीनियर वासिफ किरमानी, इंजीनियर हसन, ठेकेदार सेंकी लवानियां, आयुष श्रीवास्तव और धर्मेंद्र यादव आदि अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।