अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आदित्यनाथ वर्मा ने बताया कि सिढ़पुरा थाने के एक दरोगा और सिपाही अवैध शराब बनने की सूचना पर नगला धीमर और नगला भिकारी की ओर गए थे। यहां उन्हें पीटा गया। दोनों घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां सिपाही की मौत हो गई। मामले की पूरी जांच की जा रही है।
घटना पर सीएम योगी सख्त, आरोपियों पर एनएसए लगाने के आदेश
घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कठोर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने आरोपियों पर एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही घायल दारोगा के इलाज के दिए निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने सिपाही के परिजनों को 50 लाख रुपये और आश्रित को सरकारी नौकरी देने के एलान किया है।
शराब माफियाओं द्वारा पुलिसपार्टी पर हमले की घटना कोई नई नहीं है। यहां पहले भी इस तरह की घटनाएं होती रही हैं। 17 अगस्त 2019 को सिकंदरपुर वैश्य के नवाबगंज नगरिया, 17 अप्रैल 2019 को पटियाली के जासमई में, 11 जून 2019 को भरगैन में गोतस्करों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, 1 जुलाई को सहावर के दमपुरा में मुल्जिम पकड़ने गई पुलिस पर हमला, 22 अगस्त 2020 को गंजडुंडवारा के नूरपुर में सरकारी जमीन पर कब्जा छुड़ाने गई पुलिस पर हमला हुआ था।