आगरा। कोरोना संक्रमण काल में विशेष अधिवेशनों के बाद सोमवार को आयोजित किए जा रहे साधारण अधिवेशन में पार्षदों ने सात नालों के निर्माण और मरम्मत के प्रस्ताव सौंपे है। इन पर सदन गर्माने के आसार हैं। पार्षद नालों की सफाई का मुद्दा भी उठा सकते हैं। इसके अलावा सड़कों के निर्माण, डस्टबिन खरीद, पौधारोपण, शौचालय का निर्माण आदि के 65 से ज्यादा प्रस्ताव रखे जाएंगे।
20वें अधिवेशन में पार्षदों द्वारा फ्रीगंज में नाले की सफाई और साइड पटरी से अतिक्रमण हटाने, रामनगर में नाले की सफाई, छदामी नगर में नाले का निर्माण, अशोक नगर में कई जगह से टूटे नाले की मरम्मत, बसंत सिनेमा के पास नाले के ओवरफ्लो होने से बस्तियों में जलभराव की समस्या से बचाने, टेढ़ी बगिया में आरसीसी से नाले के निर्माण, और मोहल्ला खटीक बस्ती में नाला निर्माण के प्रस्ताव पार्षदों ने लगाए हैं।
चोक है नाला, बाजार में भर रहा पानी
पार्षद मीना सिंह ने बताया कि शाहदरा के छदामी नगर में सड़क पर पानी भरा है। नाले का निर्माण होगा तो संक्रामक रोगों से बच सकेंगे। पार्षद बृजमोहन ने बताया कि बिजलीघर चौराहे पर मुख्य नाले की पुलिया चोक है, इसलिए पुलिया का दोबारा निर्माण कराया जाए, ताकि शिवाजी मार्केट समेत सुभाष बाजार में गंदा पानी भरने की समस्या दूर हो सके।
बदल जाएंगे चौराहों और सड़कों के नाम
प्रस्तावों में चौराहों और सड़कों के नाम बदला जाना शामिल है। बैंक कॉलोनी से नॉर्थ ईदगाह रोड का नाम मोतीलाल शिवहरे मार्ग किए जाने, विजयनगर में दिवंगत विनोद तिवारी के नाम पर मार्ग का नामकरण किए जाने, नार्थ विजय नगर कॉलोनी चौराहे का नाम धर्मपाल विद्यार्थी चौक किए जाने, अशोक नगर माथुर वैश्य भवन रोड का नाम दिवंगत पत्रकार पंकज कुलश्रेष्ठ के नाम पर किया किए जाने, पंचकुइयां चौराहे का नाम राजा दक्ष के नाम पर रखे जाने, सेक्टर 10 चौराहे का नाम महर्षि परशुराम चौक किए जाने, सेक्टर-7 वाली सड़क का नामकरण सुरेश सारंग रोड करने, छीपीटोला चौराहे का नाम भगवान महावीर स्वामी चौक किए जाने, गुड़ की मंडी स्थित नगर निगम स्कूल का नाम झलकारी बाई इंटर कॉलेज किए जाने के प्रस्ताव हैं।
अवंती बाई, कर्पूरी ठाकुर, महर्षि परशुराम की लगेंगी प्रतिमाएं
अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने, जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थापना के प्रस्ताव भी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा आवास विकास सेक्टर-9 में स्थापित की जाएगी। महर्षि परशुराम की प्रतिमा स्थापना इंदिरापुरम, राजपुर चुंगी पर स्थापित होगी।