आगरा की लाइफ लाइन यानी एमजी रोड पर मेट्रो रेल के कार्यों के कारण जाम से निपटने के लिए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। यदि आपको एमजी रोड पर जाना है तो रूट प्लान देखकर ही निकलें।
भगवान टाॅकीज से सिकंदरा, दयालबाग की ओर से आने वाले वाहन जो दीवानी, सूरसदन, संजय प्लेस की ओर जाएंगे, उन्हें सुल्तानगंज की पुलिया से पालीवाल पार्क, हरीपर्वत चौराहे से होकर गुजारा जाएगा। दीवानी से हरीपर्वत, कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले वाहन आरबीएस से मदिया कटरा, तहसील सदर की ओर से निकाले जाएंगे। हरीपर्वत चौराहे से क्लब की ओर जाने वाले वाहनों को तहसील चौराहे, कलेक्ट्रेट तिराहे, तारघर से निकाला जाएगा।
सेंट जोंस चौराहे से क्लब चौराहे की ओर से जाने वाला ट्रैफिक लोहामंडी, पंचकुइयां से कलेक्ट्रेट की ओर गुजारा जाएगा। साईं का तकिया चौराहे पर आगरा क्लब चौराहे की ओर जाने वाले वाहन नामनेर होकर गुजरेंगे। क्लब चौराहे से भगवान टाॅकीज की ओर जाने वाले ट्रैफिक को यमुना किनारा, वाटरवर्क्स से गुजारा जाएगा।
वहीं प्रतापपुरा से भगवान टाॅकीज की ओर जाने वाले वाहनों को भी लंबा चक्कर लगाकर यमुना किनारा से गुजारा जाएगा। कलेक्ट्रेट की ओर से सेंट जोंस की ओर जाने वाले वाहनों को भी पंचकुइंया, लोहामंडी होकर गुजारा जाएगा। यातायात पुलिस के मुताबिक, हल्के वाहनों को एमजी रोड पर पंचकुइयां से मदिया कटरा होते हुए गुजारा जाएगा।