कालिंदी विहार निवासी ममता गौतम ने पुलिस को बताया कि रिश्ते में मामा लगने वाले मोनू गौतम निवासी पार्वती विहार घर की देखरेख के बहाने अक्सर उनके घर आता-जाता था। परिवार का उस पर इतना भरोसा था कि घर से बाहर जाते समय चाबी भी उसी को सौंप दी जाती थीं। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां बनवा लीं। इसके बाद वह परिवार की गैरमौजूदगी में घर में दाखिल होकर धीरे-धीरे सोने व चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करता रहा।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहली बार मौका मिलने पर अलमारी से सोने की दो अंगूठियां चोरी की थीं। बाद में उसने तीन डुप्लीकेट चाबियां बनवा लीं और कई बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने बताया कि 23 अप्रैल को वह बेटे आदेश के साथ बाहर गई थीं और घर की चाबी मोनू को देकर गई थीं। आरोप है कि 26 अप्रैल की रात आरोपी घर पहुंच और डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोलकर जेवर व नकदी तलाशने लगा। उसकी पूरी हरकत घर में लगे स्पाई कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बेटे आदेश ने फुटेज देखी तो चोरी का राज खुल गया।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को 80 फुटा रोड सी ब्लॉक कालिंदी विहार से गिरफ्तार कर लिया। उससे सोने के जेवर, तीन डुप्लीकेट चाबियां और 2600 रुपये मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर उसने बेच दिए थे। वहीं एक सोने की चेन और अंगूठी को आईआईएफएल फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर करीब दो लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। पुलिस ने गिरवी रखे गए जेवर भी सीज करा दिए हैं। मिले जेवरों की कीमत करीब चार लाख से अधिक रुपये बताई जा रही है। रविवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।