नए साल में चार जनवरी से रेलवे आगरा फोर्ट-लखनऊ सुपरफास्ट इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन का संचालन फिर से शुरू करेगा। शनिवार व रविवार को छोड़कर यह सप्ताह में पांच दिन चलेगी। यह पूर्ण आरक्षित स्पेशल (ट्रेन संख्या 2180) सुबह 6:31 बजे आगरा फोर्ट से संचालित होगी, जोकि यमुना ब्रिज, टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झींझक, रुरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव होकर लखनऊ पहुंचेगी।
इसी तरह लखनऊ से (गाड़ी संख्या 2179) शाम 3:55 बजे चलकर रात 9:49 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पर पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन का संचालन पिछले माह कोहरे के कारण निरस्त कर दिया गया था। तभी से आगरा से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शताब्दी, मंगला, केरला समेत छह ट्रेनें देरी से पहुंची कैंट
घने कोहरे के कारण गुरुवार की सुबह आने वाली स्पेशल ट्रेनें घंटों की देरी से आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सिग्नलों पर धुंध के कारण दृश्यता शून्य की स्थिति रही। सुबह 10 बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका।
भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस कोहरे के कारण डेढ़ घंटे की देरी से आगरा कैंट पहुंची। मंगला एक्सप्रेस एक घंटे, केरला एक्सप्रेस 1.30 घंटे, पंजाब मेल दो घंटे, निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम सवा घंटे की देरी से पहुंची। इसके चलते यात्रियों को स्टेशनों पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
परिचालन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की ओर से आने वाली रात्रिकालीन ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से एक से दो घंटे की देरी से चल रही हैं। दिल्ली में रात एक बजे घना कोहरा छाया हुआ था। आगरा रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों को कम रफ्तार पर संचालित किया जा रहा है।
स्पेशल ट्रेनों में जनवरी में भी कन्फर्म सीट नहीं मिलेगी
लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों में जनवरी के पहले सप्ताह में भी कंफर्म सीट मिलना संभव नहीं है। ज्यादातर श्रेणियों में वेटिंग चल रही है। मंगला लक्षद्वीप स्पेशल में चार जनवरी को स्लीपर में 127 वेटिंग, थर्ड एसी में 115 वेटिंग, पांच और छह जनवरी को भी कन्फर्म सीट नहीं है। इसी तरह निजामुद्दीन-हबीबगंज में तीन, चार और पांच जनवरी को स्लीपर, एसी क्लासेज में वेटिंग चल रही है। छह को रिगरेट है। नई दिल्ली-तिरुअनंतपुरम में चार, पांच, छह को वेटिंग है। गोवा एक्सप्रेस और केरला एक्सप्रेस सेकेंड एसी में तीन जनवरी को रिगरेट शो कर रहा है। इन दोनों ट्रेनों में भी छह जनवरी तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है।