मौके पर पहुंचे सांसद प्रत्याशी प्रो.एसपी सिंह बघेल
- फोटो : अमर उजाला
आगरा संसदीय क्षेत्र की जलेसर विस क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 116 जैनपुरा में मतों को लेकर बड़ी चूक सामने आई। जांच के दौरान पीठासीन अधिकारी के रजिस्टर में 400 मत दर्ज मिले, जबकि ईवीएम में 462 मत। मामले को लेकर बूथ पर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
दरअसल, जैनपुरा स्थित मतदान केंद्र पर भाजपा के पोलिंग एजेंट ने मतों को लेकर आपत्ति जताई। इसे लेकर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जब मतदान अधिकारियों ने मामले को लेकर कोई संज्ञान नहीं लिया, तो एसडीएम को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल और विधायक संजीव दिवाकर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी मामले को लेकर आपत्ति जताई और मतों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।
सडीएम अरुण कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की तो पीठासीन अधिकारी के रजिस्टर में 400 और ईवीएम में 462 मत पाए गए। इसे लेकर एसडीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही प्रत्याशी को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।