श्री गुरु नानक देव चौक की शिला पट्टिका
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के दो प्रमुख चौराहों की पहचान आज से बदल जाएगी। मुगल रोड, घटिया आजम खां रोड समेत शहर में 50 से ज्यादा सड़कों, चौराहों के नाम बदलने की कड़ी में आज से लोहामंडी चौराहे का नाम गुरु नानक देव चौक और आवास विकास कॉलोनी में सेक्टर-5 स्थित कैला देवी चौराहे का नाम बदलकर भगवान परशुराम चौक हो जाएगा। मेयर नवीन जैन परशुराम चौक और लोहामंडी चौराहे पर शिला पट्टिका का अनावरण किया जाएगा।
आवास विकास की पार्षद सुषमा जैन के प्रस्ताव पर नगर निगम सदन ने आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-5 स्थित कैलादेवी चौराहे का नाम बदलकर भगवान परशुराम चौक किया है। इस चौराहे पर भगवान परशुराम का फरसा स्थापित किया गया है। मेयर नवीन जैन इस चौराहे का सौंदर्यीकरण और फरसे की स्थापना के साथ अनावरण करेंगे।
मेयर करेंगे शिला पट्टिका का अनावरण
इसके बाद दोपहर एक बजे लोहामंडी चौराहे पर गुरु नानक देव चौक के नाम पर शिला पट्टिका का अनावरण किया जाएगा। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दु:ख निवारण साहिब, नया बांस लोहामंडी के नाम पर चौराहे का नाम बदलकर गुरु नानक देव चौक रखा गया है। लोहामंडी के पार्षद शरद चौहान ने इसका प्रस्ताव सौंपा था। दोपहर में लोकार्पण समारोह में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, विधायक योगेंद्र उपाध्याय के साथ संत बाबा प्रीतम सिंह भी होंगे।