आगरा के थाना सिकंदरा के ग्राम सींगना के पास कंपोजिट शराब की दुकान में घुसकर नकदी और शराब के पौव्वे चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को दुकान के सेल्समैन और कैंटीन के कर्मचारी ने अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से पांच हजार रुपये और 58 पौव्वे बरामद हुए। कोर्ट से दोनों को जेल भेज दिया गया।
एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि थाना खेरागढ़ के ग्राम चीत निवासी तिलक सिंह की ग्राम सींगना में कंपोजिट शराब की दुकान है। उन्होंने बताया था कि 12 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे सेल्समैन ने फोन कर चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि दुकान से दो दिन की बिक्री के 71 हजार रुपये और एक पेटी और 10 पौव्वे शराब गायब है।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी और अन्य माध्यम से जांच की तो दुकान के सेल्समैन खेरागढ़ के चीत गांव निवासी अजय पर शक हुआ। मुखबिर की सूचना पर उसे और दुकान के बराबर में कैंटीन पर काम करने वाले रहीशपाल उर्फ पिंटू निवासी चीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि बाकी रकम वे जुआ में हार गए।