जयपुर के सांगानेर हवाई अड्डे पर रनवे की मरम्मत के कारण एलाइंस एयर की जयपुर-आगरा-जयपुर उड़ान 24 अप्रैल तक बंद रहेगी। होली पर दो मार्च से इसे बंद किया गया था।
विज्ञापन
करीब दो महीने तक जयपुर-आगरा के बीच हवाई संपर्क नहीं रह पाएगा, जबकि 8 दिसंबर को शुरू होने के बाद से यह उड़ान पूरी तरह से फुल बनी रही है।
एक तरफ तो सिविल एन्क्लेव के लिए बाउंड्री के निर्माण का काम शुरू किया गया है और 24 महीनों में नए सिविल एन्क्लेव की इमारत तैयार करने का दावा किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर आगरा से हवाई संपर्क वाले शहरों की संख्या कम हो गई है। एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-आगरा-खजुराहो उड़ान के साथ एलाइंस एयर की जयपुर-आगरा-जयपुर उड़ान भी चल रही थी, लेकिन दो मार्च से यह बंद है।
एयरपोर्ट अथारिटी को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 24 अप्रैल तक उड़ान बंद रहेगी। इसके पीछे जयपुर हवाई अड्डे में रनवे को वजह बताया गया है।
जबकि सांगानेर हवाई अड्डे से आगरा को छोड़कर अन्य किसी शहर की उड़ान बाधित नहीं की गई। एयर डेक्कन की दिल्ली-आगरा-दिल्ली उड़ान के लिए 25 मार्च की तारीख तय की गई थी, लेकिन चौथी बार भी एयर डेक्कन विमान सेवा शुरू नहीं कर सका।
दिल्ली-आगरा उड़ान के लिए चौथी बार शिड्यूल
एयर इंडिया एक्सप्रेस
- फोटो : File Photo
उड़े देश का आम नागरिक (उड़ान) योजना के तहत आगरा और दिल्ली के बीच बीते साल मई में ही एयर डेक्कन को उड़ान शुरू करनी थी। इसके लिए एविएशन कंपनी एयर डेक्कन को लैटर आफ एलॉटमेंट (एलओए) भी जारी कर दिया गया था।
जिसके मुताबिक 18 सीटर विमान एम-28 आगरा के लिए शुरू करना था। कंपनी ने बीते साल मई से अब तक चार बार आगरा के खेरिया हवाई अड्डे के लिए शिड्यूल मांगा है, लेकिन हर बार वह उड़ान शुरू करने में विफल साबित हुआ।
सबसे पहले एयरपोर्ट अथारिटी से रात 10.30 बजे का समय मांगा, जिसके बाद शाम 4.30 बजे किया गया, फिर सुबह 7.30 बजे का समय तय किया, अब चौथी बार रात 8 बजे आगरा से दिल्ली के लिए उड़ान का समय मांगा गया है।
25 मार्च से 18 अक्तूबर के बीच कंपनी को उड़ान योजना के तहत उड़ान सेवा शुरू करनी है, लेकिन अभी एयर डेक्कन की ओर से तारीखों का एलान नहीं किया गया है।
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से खेरिया हवाई अड्डे के बीच एयर डेक्कन को जो उड़ान शुरू करनी है, वह 7 बजे दिल्ली से आएगी और रात 8 बजे आगरा से दिल्ली जाएगी।
18 सीटर एम-28 विमान बेहद छोटा है जो 355 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार पर चलता है, वहीं 1800 फुट का रनवे इसे टेक आफ और 1640 फुट का रनवे लैंडिंग के लिए चाहिए। आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर 9500 फुट लंबा रनवे है।
आगरा में सत्ताधारी भाजपा के 9 विधायक और दोनों लोकसभा सीटों पर सांसद हैं। जनवरी के अंत में आगरा शहर के सांसद और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष डॉ. रामशंकर कठेरिया की बैठक नागरिक उड्डयन मंत्रालय में होनी थी, लेकिन आगरा को कुछ हाथ नहीं लगा।
शहर के पर्यटन उद्यमियों के मुताबिक आगरा के जनप्रतिनिधियों ने दावे तो आगरा को बंगलुरू, मुंबई, गोवा, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता जैसे दूर दराज के महानगरों से जोड़ने के किए थे, लेकिन लंबी दूरी की एक भी उड़ान शुरू नहीं करा सके।