मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में लखनऊ पुलिस ने सोमवार को आगरा से हाईस्कूल के छात्र को पकड़ा। डीसीपी दक्षिण रईस अख्तर ने बताया कि छात्र आगरा का रहने वाला है। उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
डीसीपी ने बताया कि रविवार को यूपी 112 सेवा के व्हाट्सएप नंबर पर संदेश आया, जिसमें मुख्यमंत्री को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी थीं। साथ ही उन्हें धमकी भी दी गई थी। यूपी 112 सेवा से सूचना मिलने पर तत्काल सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मोबाइल नंबर धारक अज्ञात के खिलाफ धमकाने व आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर कराई गई।
छानबीन में नंबर आगरा का निकला। वहां की पुलिस से संपर्क कर सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस आरोपी तक पहुंची तो पता चला कि वह नाबालिग है और हाईस्कूल का छात्र है। उसने संदेश भेजने के लिए माफी भी मांगी। पुलिस ने मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद कर लिया है।