आगरा के खेड़ा राठौर के उदयपुर कला गांव में 50 वर्षीय दूल्हा देख युवती ने फेरे लेने से इंकार कर दिया। मां, रिश्तेदार और बस्ती के लोग भी दुल्हन के पक्ष में आ गए। मां बेटी को लेकर थाने पहुंची। पुलिस को देखकर दूल्हा और बाराती भाग गए।
बेटी की खातिर दुल्हन की मां ने अपने पति की भी पुलिस से शिकायत की। उसने कहा कि पति ने नशे की हालत में रिश्ता तय कर दिया था। उधर युवती का पिता शादी कराने पर अड़ा था लेकिन मां ने साफ इंकार कर दिया तो उसकी चल नहीं पाई।
उदयपुर कला की युवती का रिश्ता पिता ने खैरगढ़ 0फिरोजाबाद के बबाइन गांव के राजेश पुत्र बांकेलाल से तय किया था। दयानाथ ने मध्यस्थता की थी। रविवार को बारात आई। पर, मंडप में अधेड़ दूल्हे को देख कर युवती ने फेरे लेने से इंकार कर दिया।
इसके बाद पंचायत भी हुई। पर, युवती किसी भी कीमत पर अधेड़ के साथ शादी के लिए तैयार नहीं हुई। उसकी मां, रिश्तेदार और बस्ती के लोग भी उसके पक्ष में आ गये। चाचा और मां उसे लेकर खेड़ा राठौर थाने पहुंचे।
वहां युवती ने अधेड़ के साथ शादी करने से इंकार करते हुए थाने में तहरीर दी। वहीं पुलिस मौके पर आया देख दूल्हा और बाराती भाग गए। बस्ती के लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया।
कुछ के साथ मारपीट भी की। युवती की मां ने कहा कि उसके पति ने नशे की हालत में रिश्ता तय कर दिया था। लड़का देखा नहीं था। एसओ खेड़ा राठौर देवेंद्र सिंह ने बताया कि युवती की मां ने शादी न करने की तहरीर दी है। बारात भी लौट गई है।
पिता और बिचौलिया को पीटा
अधेड़ से रिश्ता तय कराने वाले बिचौलिया दयानाथ और युवती के पिता ने बेटी के शादी से इंकार किए जाने पर पंचायत की। दोनों शादी कराने पर अड़ गए थे। इस पर रिश्तेदार और परिवारीजनों ने दोनों को पीट दिया।
शादी के कार्ड में दूल्हे राजेश ने अपने गांव का नाम शैलई छपवाया है। जबकि वह बबाइन का रहने वाला है। रवीना के चाचा श्रीनिवास ने बताया कि राजेश की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है।
दो बच्चे भी है। एक 12वीं और दूसरा 9वीं में पढ़ता है। दो बच्चों के पिता के साथ की जिंदगी बर्बाद करने की साजिश थी। वहीं गांव में चर्चा है कि शादी की एवज में दूल्हा पक्ष से रकम भी ली गई थी।