राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) त्योहार पर सोती रही। बिन बिल के करोड़ों रुपये की आतिशबाजी बिक गई। कच्ची पर्चियों से बड़े पैमाने पर कर की चपत लगने की आशंका है। लेकिन जिले में एसआईबी ने त्योहार के दौरान पटाखा गोदामों पर अवैध बिक्री के सत्यापन या जांच की जहमत तक नहीं उठाई। इस ढिलाई का फायदा उठाकर थोक विक्रेताओं ने बिना बिल के धड़ल्ले से खुदरा बिक्री की।
लड़मदा, रायभा और बिचपुरी रोड सहित शहर में 10 से अधिक पटाखा गोदाम हैं। जिनके पास थोक बिक्री का लाइसेंस है, लेकिन इन विक्रेताओं के गोदामों पर त्योहार के दौरान कच्ची पर्चियों से खुदरा बिक्री के लिए बकायदा काउंटर लगाए गए। सस्ते पटाखों के लालच में खरीदारों का हुजूम उमड़ा। नियमानुसार पटाखों की बिक्री पर 18 प्रतिशत जीएसटी देय है, लेकिन इन गोदामों से 10-10 हजार रुपये या उससे अधिक की खरीदारी पर भी ग्राहकों को पक्का बिल देने के बजाय कच्ची पर्चियां ही थमाई गईं।
त्योहार पर अवैध कमाई के लालच थोक कारोबारियों ने गोदामों को ही खुदरा आउटलेट में तब्दील कर दिया। एसआईबी की ओर से एक भी दिन आकस्मिक जांच या स्टॉक का भौतिक सत्यापन नहीं किया। ऐसे में सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये के कर चोरी से नुकसान हुआ है।
इन बिंदुओं पर उठे सवाल
18% कर की अनदेखी: निर्धारित 18 फीसदी जीएसटी दर लागू होने के बावजूद पक्के बिल जारी नहीं किए गए।
कच्ची पर्ची का खेल: 10-10 हजार रुपये की नकदी बिक्री पर बिना बिल के माल खपाया गया।
एसआईबी की खामोशी: त्योहार पर जांच टीम धरातल पर पटाखा कारोबारियों पर सर्वे से पूरी तरह दूर रहीं।
मिली हैं शिकायतें
अपर आयुक्त, ग्रेड-1 राज्य कर पंकज गांधी ने बताया कि पटाखा गोदामों पर बिक्री की जांच कराई जाएगी। कच्ची पर्चियों से बिलिंग की शिकायत मिली है। पटाखों पर 18 प्रतिशत जीएसटी देय है। - ,