आगरा के सदर क्षेत्र में शमशाबाद रोड पर राजपुर चुंगी के पास अवैध निर्माण पर लगाई गई सील को तोड़कर दोबारा काम शुरू कर दिया गया। सूचना मिलने पर एडीए ने भवन स्वामी पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आगरा विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता विशाल शर्मा ने सदर थाना में शिकायत करते हुए बताया था कि प्राचीन देवी मंदिर के पास ताजगंज प्रथम वार्ड में चल रहे अवैध निर्माण के खिलाफ 30 मार्च को कार्रवाई करते हुए भवन को सील किया गया था।
पुलिस अभिरक्षा के लिए पत्र भी भेजा गया था। 8 अप्रैल को निरीक्षण किया गया तो भवन स्वामी मनोज कुमार ने सील तोड़कर दोबारा काम शुरू करा दिया था। थाना प्रभारी सदर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।