जाम में फंसा युवक पानी पीते हुए
- फोटो : अमर उजाला
गुजरात के सौराष्ट्र से बाऊचंद्र भाई अपने सात लोगों के परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। वो मथुरा-वृंदावन के दर्शन करने जा रहे थे। जाम में फंस गए। उन्होंने बताया कि सुबह 11:30 बजे से जाम में फंसे हैं। दोपहर का खाना लेकर आए थे, वह भी गाड़ी में बैठकर खाया।
पीने का पानी भी दो किलोमीटर दूर से लाना पड़ा। गर्मी में गाड़ी का एसी भी बंद हो गया। हरियाणा से नेपाल जा रही सीतापुर डिपो की बस के चालक वीरेंद्र ने बताया कि उसे गुरुवार तक नेपाल पहुंचना है, लेकिन तीन घंटे से जाम में फंसा है।
हरियाणा के सोहना से आया पोलेंड के 44 पर्यटकों के ग्रुप का भी बुरा हाल था। वो एसी बस में बैठे ऊंघ रहे थे। टूर गाइड ने बताया कि ताजमहल, आगरा किला देखकर मथुरा-वृंदावन जाने का प्रोग्राम था, लेकिन अब कई घंटों से यहां फंसे हैं।
कई गाड़ियों में मरीज भी थे, जोकि अपने परिवार के साथ आगरा के डाक्टरों के यहां दिखाने जा रहे थे। जाम में फंसने के कारण उनका भी बुरा हाल हो गया। बाग फरजाना में एक चिकित्सक को दिखाने आए रामवीर का कहना था कि अब तो वह शाम को ही डॉक्टर को दिखा सकेगा।
एनएच-2 पर जाम लगने का सिलसिला सुबहब 11 बजे से शुरू हो गया था। ऐसे में पुलिस प्रशासन को सिकंदरा चौराहे और दूसरी ओर रुनकता से ही ट्रैफिक को डायवर्ट करना था, लेकिन घंटों बाद भी पुलिस ने रूट डायवर्जन नहीं किया। इस कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जब रोडवेज बसों घंटों तक जाम में फंसी रहीं तो सैकड़ों यात्रियों ने विजिट कैंसिल कर दिया। वो पैदल ही हाईवे के जाम से निकलकर सिकंदरा और एमजी रोड दो की ओर निकल गए, लेकिन जो लोग परिवार के साथ थे, वो बसों में ही बैठे रहे।