आगरा के सिकंदरा और जीवनी मंडी वाटरवर्क्स में शुक्रवार रात की बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित होने से असर पड़ा। दोनों वाटरवर्क्स का संचालन बिजली न होने के कारण बंद हो गया। रात में शटडाउन लेकर मरम्मत के बाद आपूर्ति शुरू की गई तो शोधन और पंपिंग शुरू हो सकी। इसके बाद जलाशयों और ओवरहेड टैंक को भरा गया, लेकिन पानी की लीकेज लाइनों और प्रेशर न होने के कारण लोग पानी के लिए परेशान रहे।
लोहामंडी क्षेत्र स्थित खातीपाड़ा के पार्षद हेमंत कुमार प्रजापति ने नगर आयुक्त से शिकायत की है कि जोनल पंपिंग स्टेशन से ओवरहेड सप्लाई का पाइप लंबे समय से लीक कर रहा है, इससे हर दिन गंगाजल बर्बाद हो रहा है, जबकि लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। हजारों लीटर गंगाजल नालियों में बह रहा है। इस वजह से मुख्य लाइन में प्रेशर नहीं पहुंच रहा।
खातीपाड़ा क्षेत्र की गलियों, मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। अधिकारियों से शिकायत करने पर वह इसे मामूली लीकेज बताकर मरम्मत से पल्ला झाड़ रहे हैं। पानी के संकट से हजारों लोग जूझ रहे हैं। उन्होंने पाइप लाइन की मरम्मत कराकर सप्लाई देने की मांग की है। वहीं केशव कुंज जयपुर हाउस में भी तीन दिन से लोगों को पानी नहीं मिल पाया है।
क्षेत्रीय निवासी सुल्तान ने बताया कि पानी न आने की वजह अभियंताओं ने आंधी-बारिश के कारण बिजली आपूर्ति न होना बताया है। तीन दिनों से पानी के लिए परेशान हैं। जलकल विभाग के अभियंता अब लोगों के फोन भी नहीं उठा रहे। केशवकुंज क्षेत्र में पानी का टैंकर भेजने की मांग उन्होंने जलकल महाप्रबंधक से की है।