आगरा के आवास विकास परिषद का बुधवार को दूसरे दिन भी सेक्टर-2 में बुलडोजर गरजा। अवैध कब्जे हटाए गए। एक झोपड़ी को हटाने पर उसमें रहने वाली महिला ने अपना पालतू कुत्ता प्रवर्तन दल के सूबेदार सुनीत कुमार पर छोड़ दिया। कुत्ते के काटने से सूबेदार सुनीत कुमार घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सेक्टर-2 सी में करीब 11000 वर्ग मीटर सरकारी भूमि है। इसे 30 सितंबर को आवास विकास परिषद को नीलाम करना है। इस भूमि पर 100 से अधिक झुग्गी-झोपड़ी व अतिक्रमण हो गए। अतिक्रमण हटाने के लिए मंगलवार को पुलिस फोर्स के साथ प्रवर्तन दल पहुंचा था। कब्जे हटाने के बाद भूमि को समतल किया गया। बुधवार को फिर टीम बाकी रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची।
पहले सड़क किनारे मूर्तियाें की दुकान व अतिक्रमण हटाए। फिर टीम सरकारी भूमि पर बनी झोपड़ी हटाने पहुंची। तभी झोपड़ी में रहने वाली महिला ने अपना पालतू कुत्ता प्रवर्तन दल लीडर सूबेदार सुनीत कुमार पर छोड़ दिया। कुत्ते के काटने से सूबेदार का पैर जख्मी हो गया। पैर से कुत्ते ने मांस का टुकड़ा खींच लिया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रवर्तन दल प्रभारी अवकाश प्राप्त कर्नल जीएम खान ने बताया कि कुत्ता काटने से जख्मी हुए कर्मचारी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एडीए ने सील किया अवैध निर्माण
आगरा विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना अंकित चौहान ने फतेहपुर सीकरी रोड स्थित सहारा में 300 वर्ग मीटर भूमि पर तीन मंजिल अवैध निर्माण खड़ा कर दिया। बार-बार नोटिस के बावजूद अवैध निर्माण नहीं रुका। प्रवर्तन दल ने मंगलवार को अवैध निर्माण को सील किया है।